main news

दिल्ली गैंगरेप: मुख्य आरोपी राम सिंह ने दी जान, वकील ने बताई हत्या

नई दिल्ली। दिल्ली गैंगरेप मामले के मुख्य आरोपी राम सिंह ने सोमवार को तिहाड़ जेल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जाता है कि राम सिंह जेल नंबर तीन में बंद था। आज सुबह पांच बजे राम सिंह ने अपने कपड़ों से खुदकुशी की है। गृह मंत्रालय ने जेल प्रशासन से इस मामले पर रिपोर्ट मांगी है। हालांकि राम सिंह के वकील ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि मर्डर कहा है। वकील ने कहा कि किसी साजिश के तहत ही राम सिंह का मर्डर किया गया है। फिलहाल जेल प्रशासन ने मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए हैं और फोरेंसिक टीम जेल पहुंच गई है। इस घटना के बाद बाकी आरोपियों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

तिहाड़ जेल के डीआईजी जी सुधाकर ने बताया कि खुदकुशी के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया है। राम सिंह दिल्ली गैंगरेप मामले का मुख्य आरोपी था। 16 दिसंबर की रात राम सिंह ही बस चला रहा था।

जानकारों के मुताबिक राम सिंह की मौत से इस मामले पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। हालांकि उसकी आत्महत्या के बाद जेल में कैदियों की सुरक्षा और जेल प्रशासन पर कई सवाल खड़े किए जा रहे हैं।

16 दिसंबर को दिल्ली में चलती बस में हुए गैंगरेप मामले में राम सिंह समेत पांच आरोपियों पर हत्या,लूटपाट और गैंगरेप के गंभीर आरोपों के तहत दिल्ली फास्ट ट्रेक कोर्ट में कई मामले चल रहे हैं, जबकि एक नाबालिग आरोपी का मामला जुवेनाइल कोर्ट में विचाराधीन है। इस मामले को लेकर पूरे भारत में हुए प्रदर्शन में इन सभी को फांसी दिए जाने की गुहार लगाई गई है।

माना जा रहा है कि इसी डर के चलते राम सिंह ने आत्महत्या करने का कदम उठाया है। सभी आरोपियों में से राम सिंह को पुलिस ने सबसे पहले गिरफ्तार किया था।

गौरतलब है कि राम सिंह की आज साकेत कोर्ट में पेशी होनी थी। इस मामले के सभी आरोपियों को तिहाड़ लाए जाने के बाद अन्य कैदियों ने उनकी जमकर पिटाई भी की थी।

NCR Khabar News Desk

एनसीआर खबर.कॉम दिल्ली एनसीआर का प्रतिष्ठित और नं.1 हिंदी समाचार वेब साइट है। एनसीआर खबर.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय,सुझाव और ख़बरें हमें mynews@ncrkhabar.com पर भेज सकते हैं या 09654531723 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं

Related Articles

Back to top button