मॉडलों के कास्टिंग काउच में निर्माता गिरफ्तार
कोलकाता। महानगर की दो मॉडलों ने मुंबई के रहने वाले निर्माता जय चिमनलाल देसाई पर टेलीफिल्म में रोल देने के बहाने उनका यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। मॉडलों के अनुसार, निर्माता ने उन्हें रोल देने के बदले अपने साथ रात बिताने का ऑफर दिया। शिकायत पर गरियाहाट थाना पुलिस ने आरोपी निर्माता को गिरफ्तार कर लिया है।
शिकायत में बताया, आरोपी चिमनलाल देसाई ने खुद को मुंबई का एक निर्माता बताकर मॉडल को एक टेलीफिल्म के लिए समझौते पर हस्ताक्षर और 11,000 रुपये शाइनिंग अमाउंट [अग्रिम राशि] देने के लिए कोलकाता के एक होटल में बुलाया था। शुक्रवार शाम दोनों मॉडल दोस्त होटल पहुंची, जहां निर्माता ने उनका यौन शोषण करने के लिए प्रलोभन दिया। इन्कार करने पर देसाई ने उनके साथ बदतमीजी की। पुलिस उपायुक्त [दक्षिण पूर्व] गौरव शर्मा ने बताया कि मॉडलों की शिकायत के बाद निर्माता को शुक्रवार रात ही गिरफ्तार कर लिया। उसे शनिवार को अदालत में पेश किया गया, जहां 26 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। दोनों मॉडल असम की मूल निवासी हैं और अपने रिश्तेदारों के साथ कोलकाता में रहती हैं। पुलिस को संदेह है कि आरोपी ने अन्य युवतियों का भी यौन शोषण किया होगा। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने खुद को मुंबई के एक प्रसिद्ध प्रोडक्शन हाउस के साथ जुड़ा होने का दावा किया है।