एक और इमराना कांड – महिला के पति को उसका बेटा बताया मौलवी ने
मुजफ्फरनगर से एक हैरान कर देनी वाली घटना सामने आई है जिसमें एक महिला ने अपने ससुर पर बलात्कार का आरोप लगाया है। महिला ने ससुर पर अश्लील क्लिप बनाकर लगातार रेप करने का आरोप लगाया है।
महिला का यह भी कहना है कि उसके गर्भ में पल रहा बच्चा उसके ससुर का है। महिला ने डीएम से मिल कर गर्भपात की इजाजत मांगी है। महिला के मुताबिक पति भी उसका साथ नहीं दे रहा है।
डेली मेल में छपी खबर के मुताबिक अब मौलवी भी इस मामले में कूद पड़े हैं और कहा है कि पीड़ित के पति को उसका बेटा माना जाना चाहिए।
आरोपी ससुर के खिलाफ कोई टिप्पणी ना करते हुए जमीयत उलेमा ए हिंद के मौलाना मुहम्मद नज़र ने कहा कि,”शरिया कानून के मुताबिक जो बच्चा उसके गर्भ में है वह महिला के पति का भाई होगा। उसके पति को चाहिए कि वह उसे तलाक दे दे।”
इससे पहले साल 2005 में भी एक ऐसा ही मामला सामने आया था जिसमें महिला के पति को उसका बेटा बना दिया गया था। उस वक्त यह मामला इमराना कांड के नाम से चर्चित हुआ था।
देश-विदेश में चर्चित रहे इमराना कांड की नौ साल बाद फिर पुनरावृत्ति हुई है। शहर की एक महिला ने अपने ससुर पर 13 माह पूर्व तमंचे के बल पर दुष्कर्म कर अश्लील क्लिपिंग बनाने और इसके बाद ब्लैकमेल कर लगातार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है।
इससे सात माह की गर्भवती हुई महिला ने डीएम से गर्भपात कराने की इजाजत मांगी है। एसएसपी से भी आरोपी ससुर के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई गई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी महिला ने गुरुवार को डीएम कौशलराज शर्मा को प्रार्थनापत्र देकर बताया कि उसका निकाह 30 मार्च 2013 को छपार निवासी से हुआ था।
शादी के छह दिन बाद ही शौहर नौकरी करने सऊदी अरब चला गया। इसके बाद से ससुर उस पर गलत नजर रखने लगा, जिसकी शिकायत करने पर सास ने उल्टे उसे ही चुप रहने के लिए कहा।
निकाह के समय जिंदगी भर साथ निभाने का वादा करने वाले शौहर ने भी दुख की इस घड़ी में पीड़िता से किनारा कर लिया। ससुर के दुष्कृत्य की शिकायत करने पर शौहर ने इल्जाम को झूठा बताते हुए पीड़िता से बात करनी बंद कर दी।
आरोप है कि जुलाई 2013 में एक दिन महिला घर पर अकेली थी। उसी समय ससुर ने तमंचे के बल पर उसके साथ दुष्कर्म कर मोबाइल से अश्लील क्लिपिंग बना ली।
अगले दिन क्लिपिंग दिखाते हुए उसे नेट पर डालने की धमकी देकर फिर से संबंध बनाए। आरोप है कि इसके बाद से लगातार ससुर महिला को ब्लैकमेल करते हुए दुष्कर्म करता रहा। वह गर्भवती हो गई, जिसका खुलासा होने पर करीब डेढ़ माह पूर्व ससुर उसे मायके में छोड़कर फरार हो गया।
पांच दिन पूर्व ससुर ने उसे पति सहित अपने घर जायदाद से बेदखल करने का नोटिस भेजा, जिसके बाद मायके पक्ष ने महिला को फिर से ससुराल भेजने की बात कही। इसका विरोध करते हुए महिला ने बुधवार रात परिजनों को ससुर की करतूत की जानकारी दी।