उपचुनाव मतगणना जारी, रुझान में भाजपा आगे
उत्तर प्रदेश की एक लोकसभा और 11 विधानसभा सीटों पर शनिवार को हुए उपचुनाव के दौरान पड़े वोटों की गिनती मंगलवार को की जाएगी और शाम तक नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे।
उत्तर प्रदेश के अलावा नौ अन्य राज्यों की दो लोकसभा और 22 विधानसभा सीटों के लिए मतगणना भी मंगलवार को की जाएगी।
इन नतीजों के जरिए जहां देश भर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हवा का रुख पता चलेगा, वहीं यूपी में सपा की साख भी दांव पर लगी है। अगर सूबे की बात करें तो यहां भाजपा और सपा के बीच ही सीधी जंग है।
उपचुनाव वाली देश की 33 विधानसभा सीटों में से 22 सीटों पर भाजपा का कब्जा है और एक-एक सीट उसके सहयोगी दलों अपना दल (रोहनिया) एवं तेलुगु देशम पार्टी के हाथ में है।
यूपी में सीधी चुनावी लड़ाई मोदी और मुलायम के बीच ही है। दरअसल इन उपचुनावों को प्रदेश में होने वाले 2017 के विधानसभा चुनावों के पहले का सेमीफाइनल माना जा रहा है।
मैनपुरी लोकसभा सीट तो काफी अहम है। यहां भाजपा से प्रेम सिंह शाक्य चुनाव लड़ रहे हैं तो वहीं मुलायम के बड़े भाई के पोते तेज प्रताप यादव उन्हें टक्कर रहे हैं।
कांग्रेस और बसपा ने यहां से कोई उम्मीदवार नहीं उतारा था। इस सीट के परिणाम से साफ हो जाएगा कि प्रदेश की जनता सपा शासन के प्रति अपना क्या नजरिया रखती है। उसे मुलायम और अखिलेश यादव की जोड़ी भा रही है या केंद्र में मोदी की नीतियां।
प्रदेश में सहारनपुर शहर, बिजनौर, ठाकुरद्वारा, नोएडा, लखनऊ पूर्व, बलहा, निघासन, चरखारी, हमीरपुर, कैराना, रोहनिया (विधानसभा) और मैनपुरी (लोकसभा) सीट।
इनके अलावा गुजरात में वडोदरा लोकसभा सहित नौ विधानसभा सीटें, तेलंगाना में मेडक लोकसभा सीट, उत्तर-पूर्वी राज्यों में पांच, राजस्थान में चार, पश्चिम बंगाल में दो और छत्तीसगढ़ एवं आध्रप्रदेश में एक-एक विधानसभा सीट के नतीजे घोषित किए जाएंगे।