नई दिल्ली। अनुष्का और विराट के बीच नजदीकियों के चर्चे इन दिनों जोरों पर हैं। वो अलग बात है कि ये दोनों अब तक सार्वजनिक तौर पर एक दूसरे के बारे में कुछ बोलते नजर नहीं आए लेकिन स्पेन से लेकर इंग्लैंड तक हर जगह इस जोड़ी ने अपनी करीबी को जगजाहिर कर दिया है। अब तक इन दोनों के फैंस इंतजार कर रहे थे कि कोई तो चुप्पी तोड़े। खराब फॉर्म से जूझ रहे विराट ये जानते होंगे कि इस समय वो इस बारे में कुछ ना बोलें तभी ठीक होगा लेकिन अनुष्का की जुबां पर आखिरकार विराट का नाम आ ही गया और जब आ गया तो उन्होंने बातों-बातों में इस खिलाड़ी की जमकर तारीफ भी कर डाली।
एक अंग्रेजी वेबसाइट पर आए अनुष्का के इंटरव्यू में अनुष्का ने अपनी आम जिंदगी के बारे में बातचीत करते हुए बताया कि उन्हें खिलाड़ी बहुत पसंद हैं। अनुष्का ने इसके लिए विराट कोहली का उदाहरण भी दिया और वो ये तक कहने से नहीं चूकीं कि भविष्य में उनके बच्चे भी खेल की तरफ ही रुख करेंगे। अनुष्का ने इस इंटरव्यू में कहा, ‘आज के बच्चे गैजेट्स में व्यस्त रहते हैं लेकिन मेरे बच्चे खेल की तरफ ही आकर्षित होंगे। पर्सनैलिटी शानदार बनाने का सबसे अच्छा तरीका हैं खेल। साइना नेहवाल और विराट कोहली को ही देख लीजिए। जरा गौर कीजिए कि वो कैसे बात करते हैं। वो प्रभावित करने वाले लोग हैं। हर बच्चे को खेलना सीखना चाहिए, ये आपको अंदरूनी व बाहरी तौर पर बेहतर बनाता है।’
गौरतलब है कि काफी समय से अनुष्का और विराट के बीच संबंधों के चर्चे जोरों पर हैं। विदेशों में उनकी छुंिट्टयां तक तो ठीक था लेकिन विवाद तब सामने आने लगे जब भारतीय टीम के मौजूदा इंग्लैंड दौरे के दौरान भी विराट और अनुष्का के मिलने-जुलने की खबरें सामने-आने लगीं। इसके साथ ही मैदान पर विराट का फॉर्म भी खराब दिखने लगा। इसके बाद से लगातार विराट आलोचकों के घेरे में रहे हैं।