बजट पर कांग्रेस का तंज, पीएम ने बदला रंग

16_07_2014-16jyotiraditya1नई दिल्ली, आम बजट पर चर्चा की शुरुआत करते हुए कांग्रेस ने सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला। संप्रग की उपलब्धियां गिनाते हुए कांग्रेस ने दावा किया की उनकी सरकार एक दशक के शासन के बाद राजग को मजबूत आर्थिक विरासत देकर जा रही है। कांग्रेस ने वस्तु व सेवा कर (जीएसटी) और प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआइ) पर भाजपा के यू-टर्न पर तंज कसा कि प्रधानमंत्री ने अब रंग बदल लिया है। भाजपा ने भी संप्रग को आईना दिखाया, लेकिन वित्त मंत्री अरुण जेटली की तारीफ कर बीजू जनता दल (बीजद) ने कांग्रेस को झटका दिया।

लोकसभा में कांग्रेस के मुख्य सचेतक ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पहले संप्रग सरकार की उपलब्धियां गिनाई और राजग के बजट को निराशाजनक बताया। महंगाई पर इस बजट में कोई चर्चा न होने पर सवाल उठाया। रेल बजट से पहले रेल किराये में बढ़ोतरी को मोदी सरकार की कथनी-करनी का अंतर बताया। सिंधिया ने याद दिलाया कि देश के अनाज के गोदाम गेहूं और चावल से पटे हैं, जो संप्रग की देन है। वित्त मंत्री उसी के सहारे देश को आश्वासन दे रहे हैं कि हमारे पास अन्न के पर्याप्त भंडार हैं। जेटली की मौजूदगी में सिंधिया ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री रहते मोदी ने 10 साल जीएसटी का विरोध किया, लेकिन प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने रंग बदल लिया। वह पहले एफडीआइ पर कहते थे कि मनमोहन सिंह देश बेच रहे हैं। अब खुद उनको सब ठीक लग रहा है।

कांग्रेस को भाजपा के वक्ताओं की तरफ से तीखा जवाब मिला। पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा के बेटे जयंत सिन्हा के अलावा किरीट सोमैया ने बजट के पक्ष में जोरदार तर्क दिए और कांग्रेस के दावों की धज्जियां बिखेरीं। वामदलों ने बजट की आलोचना की, लेकिन उन्होंने भी इसे संप्रग सरकार का ही एजेंडा बताकर कांग्रेस को कठघरे में खड़ा किया। बीजद सांसद भर्तृहरि महताब ने जेटली की तारीफ कर पूरे विपक्ष की तरफ से सरकार को घेरने की कांग्रेस की मंशा पर पानी फेर दिया। महताब ने कहा कि मोदी सरकार राज्यों को मजबूत करने के लिए कदम उठा रही है। पहले बजट में राज्यों को मिलने वाली केंद्रीय सहायता तीन गुना बढ़ा दी गई है। चर्चा देर शाम तक चली और बृहस्पतिवार को लोकसभा में इसका जवाब होने की उम्मीद है।

गिरिराज सिंह पर हंगामा

बिहार के भाजपा सांसद गिरिराज सिंह पर ज्योतिरादित्य सिंधिया की टिप्पणी के बाद बजट पर चर्चा थोड़ी देर के लिए बाधित हुई। सिंधिया ने मोदी के ‘स्कैम इंडिया’ की छवि बदलने के बयान पर चुटकी ली कि क्या वे गिरिराज सिंह को हटाएंगे, जिनके घर से 1.14 करोड़ रुपये बरामद हुए हैं। इस पर भाजपा सदस्यों ने संसद की नियमावली दिखाते हुए आपत्ति की। उनकी मांग थी कि सिंधिया अपना बयान वापस लें। लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने इस मांग को खारिज कर दिया। अलबत्ता यह आश्वासन दिया कि आपत्तिजनक अंश लोकसभा की कार्यवाही से हटा दिए जाएंगे।