उत्तर भारत में मानसूनी बारिश में हवाओं ने डाला खलल

नई दिल्ली – राजधानी सहित उत्तर भारत में मानसून आने के बाद भी बारिश न होने का प्रमुख कारण हवाओं के रुख में बदलाव माना जा रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि कभी कभी ब्रेक मानसून के कारण मानसून आने के बाद भी 10-15 दिन तक बारिश नहीं होती है। बंगाल की खाड़ी से उठने वाली हवाएं 180 डिग्री पर परिवर्तित हुई हैं जिसके कारण बारिश में देर हो रही है। हालांकि विभाग का यह भी कहना है कि अब राजधानी को बारिश के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और दिल्ली में रविवार या सोमवार से बारिश शुरू हो जाएगी।

उधर, स्काईमेट के मौसम विज्ञानी जीपी शर्मा ने बताया कि मानसून आने के बाद पूर्वी और दक्षिणी हवाएं चलती हैं जो बंगाल की खाड़ी से आती हैं। जो एक बारिश के लिए प्रभावशाली सिस्टम बनाती हैं। वर्तमान में यह सिस्टम नहीं बन रहा है और न ही पश्चिमी विक्षोभ प्रभावी है इसलिए बारिश नहीं हो रही है और राजधानी के तापमान में बढोतरी हो रही है। 13 या 14 जुलाई को भी अपेक्षित बारिश होने की संभावना कम है। राजधानी में जमकर बारिश के लिए अभी इंतजार करना पड़ सकता है।

राजधानी में बारिश न होने से बृहस्पतिवार को भी लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। दिन में कड़ी धूप और गर्म हवाओं के साथ रात के तापमान में बढोतरी दर्ज की जा रही है।

बृस्पतिवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में बढोतरी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई यह सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज की गई जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस र्द किया गया यह सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। जबकि आ‌र्द्रता का स्तर अधिकतम 65 तथा न्यूनतम 32 फीसद दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 41 तथा न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

पिछले चार दिनों का अधिकतम और न्यूनतम तापमान डिग्री सेल्सियस में-

सोमवार-37.0-26.8

मंगलवार-38.8-28.6

बुधवार 40.3-29.6

बृहस्पतिवार- 41.3-30

दिल्ली प्रमुख आठ स्थानों पर 40 के पार रहा पारा-

पालम-43.5

आयानगर-42.3

जाफरपुर-41.7

लोधी रोड-41.4

रिज-41.3

पीतमपुरा-40.7

डीयू-40.4

नरेला-40.1