शाजिया इल्मी ने ‘आप’ से इस्तीफा दिया, लगाए गंभीर आरोप
नई दिल्ली। शाजिया इल्मी ने आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। शाजिया ने कहा कि दुखी मन से उन्हें यह फैसला लेना पड़ रहा है।
पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए शाजिया ने कहा कि अरविंद केजरीवाल पार्टी में लोकतंत्र लागू नहीं कर पा रहे हैं। कुछ लोग पार्टी को जकड़े हुए हैं। चुनिंदा लोग ही हैं, जो पार्टी के फैसले ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में लोकतंत्र नहीं रह गया है। हमारे जैसे लोग जो पार्टी के साथ शुरू से जुड़े हुए थे अब अलग थलग पड़ गए हैं। पार्टी से कई गलतियां हुई हैं, जिनसे निकलने की जरूरत है।
शाजिया ने कहा कि पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल बहुत ही अच्छे और ईमानदार व्यक्ति हैं लेकिन जिन लोगों से वह घिरे रहते हैं वह अच्छी बात नहीं है। पार्टी से लोगों का भरोसा कम हो गया है। शाजिया ने कहा कि अरविंद को जेल में रहकर चिंतन करने की बजाय जनता के बीच जाना चाहिए। उनके सामने अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी में जैसा अभी हो रहा है, अच्छा नहीं है।
सोमनाथ भारती ने किया था खंडन
इससे पहले पार्टी के नेता सोमनाथ भारती ने इन खबरों का खंडन किया था कि शाजिया इल्मी पार्टी से नाराज हैं और पार्टी से इस्तीफा देने वाली हैं। भारती ने कहा था कि शाजिया पार्टी से नाराज नहीं हैं। मैं शाजिया से उनके घर से मिलकर आ रहा हूं। ऐसी कोई बात नहीं है जैसा प्रचारित किया जा रहा है।