पटना/लखनऊ। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी नरेंद्र मोदी ने गाजीपुर में उत्तर प्रदेश सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बाप-बेटे की सरकार पशु पालकों का ही भला नहीं कर सकी। यहां सब हवा में चल रहा है जबकि जमीनी हकीकत से किसी का कोई वास्ता नहीं हैं।
उन्होंने कल वाराणसी में अपने रोड शो को अपार समर्थन देने के लिए जनता का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा को जनता से ऐसा समर्थन मिलने देख कर अन्य लोगों के हाथ-पैर फूल रहे हैं। उन्होंने जनसभा में लोगों से नारा भी लगवाया। मोदी ने कहा अबकी बार तो जनता ने कहा मोदी सरकार।
इसके बाद उनके निशाने पर उत्तर प्रदेश की सरकार थी। उन्होंने कहा कि मैं द्वारिकाधीश की नगरी से आया हुआ उनका सेवक हूं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पशु पालकों की हालत बेहद खराब है। इन लोगों को अपने दूध की सही कीमत नहीं मिलती है। यहां तो ग्वाला साइकिल पर गली-गली भटकता हुआ अपना दूध बेचने में लगा रहता है लेकिन इसके बाद भी उसे सही कीमत नहीं मिलती है। मोदी ने कहा कि गुजरात में सरकार दुग्ध उत्पादकों के पास जाकर उनसे दूध लेने के साथ ही उचित कीमत भी देती है। उत्तर प्रदेश में ऐसा नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि जनता ने इस बार ठान लिया है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ही बनानी है। ऐसे में विरोधी लोग क्या कर पाएंगे। विरोधी दल के लोग कुछ नहीं बोल पाते हैं तो फिर भद्दी-भद्दी भाषा का प्रयोग करते हैं। जब हम कुछ बोल देते है तो फिर उनको बुरा लग जाता है।
इससे पहले, भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने मोतिहारी में कहा कि कांग्रेस छुआछूत की राजनीति करती है। वह भाजपा प्रत्याशी राधामोहन सिंह के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। मोदी ने कहा कि बिहार ने मुझे जीत लिया है। यह भीड़ नतीजा बताने के लिए काफी है कि 16 मई को क्या होने वाला है।
उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र मजबूत है। देश को वोट बैंक और वंशवाद की राजनीति ने बर्बाद किया। आज देश को इससे मुक्ति दिलाने की जरूरत है। मोदी ने कहा कि हम किसानों का भला करेंगे। विकास के लिए सारे काम करेंगे। कांग्रेस की सरकार ने देश को बर्बाद किया है। देश में छुआछूत की राजनीति कांग्रेस ने शुरू की। नीतीश का तीर उन्हीं के सीने में लग रहा है। कांग्रेस डर गई है। उन्होंने स्थानीय मुद्दों को छूते हुए कहा कि लीची का फूड प्रोसेसिंग होना चाहिए। इसके लिए यहां उद्योग की जरूरत है।
मोदी ने राहुल गांधी के कल के गोपालगंज के बयान पर भी चुटकी ली। किसान के विकास के लिए भाजपा एक फार्मूला बनाएगी। भाजपा विकास की राजनीति नहीं छोड़ेगी। चंपारण की धरती ऐतिहासिक है। मां बेटे की सरकार ने जनता से वादाखिलाफी की और उसे इसका जवाब जरूर मिलेगा।
इसके साथ ही नरेंद्र मोदी आज बिहार में 12 मई को नौवें और आखिरी चरण में शेष छह सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए सिवान और गोपालगंज में भी जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं उत्तर प्रदेश के पूर्वाचल में आखिरी चरण में 18 सीटों पर होने वाले चुनाव में से दो लोकसभा क्षेत्र मिर्जापुर और गाजीपुर में रैली को संबोधित करेंगे। दूसरी ओर आज कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी पूर्वाचल के देवरिया, सिद्धार्थनगर तथा बांसगांव में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे।