बनारस में बीजेपी के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के खिलाफ ताल ठोंकने वाले आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की राह में अब उनके अपने ही रोड़ा बनने लगे हैं।
मोदी को हराने के लिए बनारस से चुनाव लड़ रहे केजरीवाल के लिए अब विरोधियों से ज्यादा बागी हुए अपनों से खतरा बढ़ गया है।
केजरीवाल के बागी साथियों ने ऐसा काम किया है जिससे केजरीवाल का विरोधी खेमा और भी हावी होने की स्थिति में आ गया है।
दरअसल, दिल्ली में आम आदमी पार्टी से बागी हुए कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल और गाजियाबाद से लोकसभा उम्मीदवार शाजिया इल्मी पर साम्प्रदायिकता फैलाने का आरोप लगाया है।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि केजरीवाल ने न सिर्फ आम जनता को धोखा दिया है बल्कि पार्टी कार्यकर्ताओं को भी नहीं बख्शा।
केजरीवाल के खिलाफ एकजुट हुए आम आदमी पार्टी के पूर्व कार्यकर्ताओं ने उन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कार्यकर्ताओं ने कहा कि केजरी देश की जनता को गुमराह कर रहे हैं।
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे आम आदमी पार्टी के पूर्व कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल के विरोध में उनका पुतला फूंका। इस दौरान उन्होंने ‘मैं हूं गिरगिट’ का पोस्टर लगाकर केजरी को रंग बदलने वाला करार दिया।
पूर्व कार्यकर्ता रहे जितेंद्र झा ने कहा कि केजरीवाल, आम आदमी पार्टी बनाकर कांग्रेस का एजेंडा पूरा कर रहे हैं। उन्हें कांग्रेस ने ही पैदा किया है और अब वे आम आदमी पार्टी के माध्यम से देश की जनता को गुमराह कर रहे हैं।