रतलाम, नई दुनिया ब्यूरो। कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने भी मान लिया है कि लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी के खिलाफ सत्ताविरोधी लहर चल रही है। हालांकि उनका कहना है कि हर हार के बाद कांग्रेस और मजबूत होकर उभरी है। देश में नरेंद्र मोदी की लहर जैसी कोई स्थिति नहीं है। मोदी और हिटलर में कोई अंतर नहीं है।
शुक्रवार को मध्य प्रदेश के रतलाम आए दिग्विजय सिंह ने पत्रकारों से कहा कि यह गलत है कि मोदी अकेले कांग्रेस पर भारी पड़ रहे हैं। सही तो यह है कि संप्रग सरकार की 10 साल की एंटी इनकंबेंसी का उन्हें लाभ मिल रहा है। कांग्रेस गरीबों की पार्टी है, इसलिए चुनाव प्रचार में ज्यादा खर्च नहीं कर पाई। यही वजह है कि भाजपा की तुलना में कांग्रेस का प्रचार अभियान कमजोर दिखाई दे रहा है, जबकि मोदी के साथ पूरा कॉरपोरेट जगत खड़ा है।