जीतन राम मांझी होंगे बिहार के नए सीएम
जीतन राम मांझी बिहार के नए मुख्यमंत्री होंगे। उन्हें जदयू विधायक दल का नया नेता चुना गया है। उन्होंने नीतीश कुमार के साथ राज्यपाल से मुलाकात की है। शरद यादव ने उन्हें नेता चुने जाने की घोषणा कर दी है।
मांझी ने गया से लोकसभा चुनाव लड़ा था, हलांकि वे हार गए थे और तीसरे स्थान पर रहे थे। 2005 में नीतीश कुमार की पहली सरकार बनी थी, तब उन्हें मंत्री भी बनाया गया था। हालांकि शिक्षा विभाग के घोटाले में नाम आने के कारण उन्हें पद से हटा दिया गया।
बाद में वे इस मामले में बरी कर दिए गए, जिसके बाद उन्हें दोबारा मंत्री बनाया गया। जीतन की उम्र 70 साल है।
इससे पहले आज जदयू अध्यक्ष शरद यादव के नए बयान के बाद नीतीश कुमार के दोबारा मुख्यमंत्री बनने की संभावनाओं पर पानी फिर गया। शरद यादव ने कहा है कि नीतीश का इस्तीफा देश और पार्टी के हित में है और यह अंतिम निर्णय है।
नीतीश ने भी अपना इस्तीफा वापस लेने से इनकार कर दिया है। पटना में जदयू विधायकों की आज हुई बैठक में नया नेता नहीं चुना जा सका। विधायकों ने नया नेता चुनने की जिम्मेदारी नीतीश को सौंपी है। नीतीश्ा ने जीतन राम मांझी को जदयू का नया नेता नामित किया।
रविवार को जदयू विधायकों की बैठक में नीतीश कुमार को ही नेता चुना गया था, जबकि उन्होंने शनिवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।