आम आदमी पार्टी के नेता और यूपी के अमेठी से कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ आप के लोकसभा उम्मीदवार कुमार विश्वास के काफिले पर हमला हुआ है।
टीवी खबरों के मुताबिक अमेठी के जगदीशपुर में कुमार के काफिले की गाड़ियों में तोड़-फोड़ की गई। इसके अलावा आप के कार्यकर्ताओं की पिटाई भी की गई।
कुमार विश्वास ने इस हमले के तुरंत बाद ट्वीट कर कहा, ‘यह एक सुनियोजित हमला था। हमला कांग्रेस के लोगों ने किया है। हमारे साथियों की बुरी तरह पिटाई की गई है।’
कुमार विश्वास अमेठी से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार है। अमेठी कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की संसदीय सीट है।
कुमार विश्वास के काफिले पर हमले की खबर के बाद आप नेता मनीष सिसोदिया अमेठी के लिए रवाना हो गए हैं।
वहीं, इस घटना के बाद पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘कुमार तुम एक अलग लड़ाई लड़ रहे, जनता तुम्हारे साथ है।’
केजरीवाल ने इस हमले की निंदा की है।
इससे पहले फरवरी में भी ऐसा ही वाकया हो चुका है। उस समय भी कुमार विश्वास ने आरोप लगाया था कि अमेठी में ‘झाड़ू चलाओ यात्रा’ के दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला किया।
कुमार विश्वास का आरोप था कि कांग्रेस नेता मुन्ना सिंह की अगुवाई में कांग्रेसियों ने हमला किया और उनको जान से मारने की धमकी दी।
उस समय यह खबरें आई थीं कि आप कार्यकर्ता नारा लगा रहे थे कि ‘अभी तो शीला हारी है, अब राहुल की बारी है’, जिस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताई। इसके बाद आप और कांग्रेस समर्थक भिड़ गए।