दिल्ली की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की एक नई पहल भारी भीड़ के कारण अफरा-तफरी की भेंट चढ़ गई। सीधे जनता से मिलकर उनकी समस्याएं हल करने के लिए शनिवार की सुबह लगाया गया सरकार का जनता दरबार अपने मकसद में फेल हो गया। इस जनता दरबार में मची अफरा-तफरी की जबर्दस्त आलोचना हो रही है। पहले टीम अन्ना में अरविंद केजरीवाल के साथ काम कर चुकीं किरन बेदी ने जोरदार कटाक्ष किया है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘भगवान के लिए, अरविंद और टीम, सचिवालय छतों से नहीं चलाए जाते! प्लीज सुनने-समझने में वक्त लीजिए! तब जाकर अच्छे से विचार करके फैसले लीजिए। गौरतलब है कि जनता दरबार में आई भीड़ को केजरीवाल ने सचिवालय की छत पर चढ़ कर संबोधित किया था।’