भारती के खिलाफ कार्रवाई कर सकती है आप!

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर अपने कानून मंत्री सोमनाथ भारती को हटाने का दबाव बढ़ता जा रहा है।

दिल्ली के खिड़की एक्सटेंशन में आधी रात को छापा मारने गए भारती की उस समय वहां मौजूद युगांडा की एक महिला ने पहचान कर ली है।

इसके बाद सोमनाथ भारती के इस्तीफे की मांग तेज हो गई है।

भारती को लेकर आप सरकार विरोधी दलों के साथ ही महिला संगठनों के निशाने पर भी है।

इन संगठनों का कहना है कि महिला सुरक्षा का नाम लेकर दो दिन तक धरना देने वाले केजरीवाल खुद अपने मंत्री के मामले में दोहरा रवैया अपना रहे हैं।

दिल्ली महिला आयोग ने पहले समन पर पेश नहीं हुए भारती को दूसरा समन भेजा है।

दूसरी ओर तमाम महिला संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी भारती के रवैये को आपत्तिजनक करार देते हुए उनके इस्तीफे की मांग की है। इस संदर्भ में महिला अधिकारों से जुड़े नौ समूहों ने मुख्यमंत्री को चिट्ठी भी लिखी है।

उन्होंने दिल्ली पुलिस के समर्थन में लिखा है कि किसी नेता या कुछ लोगों के कहने पर मनमाफिक कदम नहीं उठाए जाने पर दंडात्मक कार्रवाई करना उचित नहीं है।

जबकि किसी व्यक्ति या मंत्री को कानून हाथ में लेने की अनुमति देना भी खतरनाक है।