समाजवादी पार्टी का कमाल: उत्‍पीड़न पीड़ित का दिया साथ, तो सभासद से 26 बार सिर पर मरवाए जूते

7629_untitled-2आगरा/मथुरा. समाजवादी पार्टी के नगर अध्‍यक्ष सुजीत वार्ष्‍णेय ने अपने पार्टी के सभासद को जूते उतारकर अपने ही सिर पर जूते मरवाए। जब‍ गिनती 26 तक पहुंच गई, तब यह सीन खत्‍म हुआ। यह सब वृंदावन के बिहारीजी पुलिस चौकी में हुआ। सभासद महेंद्र चौधरी रोते-बिलखते रहे, लेकिन पुलिसवालों और सपा नेता का दिल न पसीजा।

अब मथुरा के एसएसपी ने इस पुलिस चौकी के दरोगा समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। सपा नगर अध्‍यक्ष की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।
सभासद महेंद्र चौधरी को खुद यूपी सरकार ने जनप्रतिनिधि मनोनीत किया था। उनका कसूर सिर्फ इतना था कि जिस महिला ने सपा नगर अध्‍यक्ष सुजीत वार्ष्‍णेय पर यौन उत्‍पीड़न का आरोप लगाया है, उसकी थोड़ी मदद की थी।
मामला शनिवार का है। यह मामला एक मोबाइल क्‍लीपिंग के सार्वजनिक होने से बुधवार को सामने आ गया। चार मिनट के इस वीडियो क्लिप के अनुसार पुलिस चौकी में सपा नगर अध्‍यक्ष सुजीत वार्ष्‍णेय का दरबार सजा हुआ है। पुलिसकर्मी जी हुजूरी में लगे हैं। सामने फफक-फफक कर रोते हुए सभासद महेंद्र चौधरी है। गालियां सुनते हुए वह नेताजी का हाथ पैर जोड़ रहे हैं और रहम की भीख मांग रहे हैं।
महेंद्र ने बताया कि बिहारीजी पुलिस चौकी इंचार्ज छोटे लाल यादव शनिवार की शाम को घर से जबरन बुलाकर ले गए। इसके बाद पुलिस चौकी सपा नगर अध्‍यक्ष की जागीर बन गई थी। पूरा वाकया वीडियो क्लिपिंग बता रही है। दरअसल, जब महेंद्र के साथ हद दर्जे की बदसलूकी हो रही थी, तब एक सपा कार्यकर्ता अपने मोबाइल में इसे रिकॉर्ड भी कर रहा था।

एसएसपी गुलाब सिंह ने बताया कि मूल मामला महिला से यौन उत्‍पीड़न का है। महिला का साथ देने पर सभासद के साथ बदतमीजी की गई। वह भी इस वीडियो क्‍लीपिंग को देखकर चकित हैं। उन्‍होंने बताया कि बिहारीजी पुलिस के प्रभारी दरोगा छोटे लाल यादव समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। उन्‍होंने बताया कि इस मामले में आरोपी नेता के खिलाफ कार्यवाही चल रही है।
इधर, सपा नगर अध्‍यक्ष सुजीत का कहना है कि उन्‍होंने ऐसा कुछ नहीं किया है। वह एक महिला की छेड़खानी के आरोप पर पुलिस चौकी पर गए थे।