एग्जिट पोल में बीजेपी की बयार, कांग्रेस की हार

दिल्ली में रिकॉर्ड वोटिंग के साथ ही पांच राज्यों में मतदान की प्रकिया समाप्त हो गई। 8 दिसंबर को ये फैसला होगा कि जीत का सेहरा किसके सिर बंधेगा और किसे हार नसीब होगी?

हालांकि, एग्जिट पोल के जर‌िए हार और जीत के अनुमान लगने शुरू हो गए हैं। एग्जिट पोल के अब तक‌ के दावों के मुताबिक, दिल्ली, मध्य प्रदेश और छत्‍तीसगढ़ में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभर सकती है।

मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान और छत्‍तीसगढ़ में रमन सिंह की वापसी हो सकती है और दिल्‍ली में शीला दीक्षित की हार की संभावना है। आम आदमी पार्टी के कारण्‍ा दिल्ली में त्रिशंकु विधानसभा के समीकरण बन रहे हैं।

दिल्ली में शीला की वापसी मुश्किल
दिल्ली में शीला दीक्षित का चौथी बार सत्ता में वापसी का सपना टूट सकता है। एबीपी-नीलसन के एग्जिट पोल में दिल्ली में भाजपा को बहुमत मिलने के दावा किया जा रहा है।

एग्जिट पोल के मुताबिक, दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी को 37 सीटें मिलने का अनुमान है। जबकि, कांग्रेस को 16 और आम आदमी पार्टी को 15 सीटें मिल सकती हैं। 2 सीटें अन्य दलों के खाते में जा सकती हैं।