कांबली को हार्ट अटैक, हालत अब स्थिर

vinod-kambli-hos-5298544fef3ea_exlपूर्व टेस्ट क्रिकेटर विनोद कांबली को आज दोपहर गाड़ी चलाने के दौरान दिल का दौरा पड़ा जिसके बाद उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत अब स्थिर है।

42 वर्षीय कांबली को दिल का दौरा उस समय पड़ा जब वह गाड़ी चला रहे थे। उनके सीने में जोर का दर्द उठा। एक ट्रैफिक पुलिस अधिकारी ने कांबली को दर्द से कराहते देखा तो उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया।

कांबली को एक वक्‍त भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाजी के भविष्य के रूप में देखा जाता था, लेकिन उनके प्रदर्शन का ग्राफ काफी तेजी से गिरा।

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक कांबली की पिछले साल एंजियोप्लास्टी कराई गई थी। हालांकि अस्पताल की तरफ से इस बारे में कोई बयान नहीं आया है। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के साथ स्कूली दिनों से क्रिकेट खेलने वाले कांबली हाल में काफी निराश थे।

कांबली को इस बात से काफी दुख पहुंचा था कि तेंदुलकर ने अपने विदाई भाषण में उनका जिक्र तक नहीं किया। साथ ही तेंदुलकर ने रिटायरमेंट के बाद दी गई पार्टी में भी उन्हें नहीं बुलाया था।