main newsभारत

फेलिन के बाद प्याज में उठा महंगाई का तूफान

18_10_2013-onionनई दिल्ली – फेलिन चक्रवात के भंवर ने अब महंगाई का तूफान खड़ा कर दिया है। इसकी मार का असर उन जिंसों की कीमतों पर दिखने लगा है, जिसकी आपूर्ति तूफान प्रभावित राज्यों से होती है। पहली गाज महंगाई के खलनायक बने प्याज पर गिरी है। इसकी कीमतों में एकाएक फिर उछाल आ गया है। असर इतना ज्यादा है कि अब दिवाली तक देश में प्याज की कीमत ऊंची बने रहने का अंदेशा हो गया है।

प्याज उत्पादक राज्य आंध्र प्रदेश, कर्नाटक व महाराष्ट्र में चक्रवाती तूफान और भारी बारिश के चलते खेतों में पानी भर गया है। महाराष्ट्र में प्याज की खेती के लिए मशहूर विदर्भ, लासलगांव व नाशिक क्षेत्र में तूफान के प्रभाव से हुई बारिश का गहरा असर हुआ है। वहां से मिल रही जानकारी के मुताबिक खेतों से प्याज निकालना कम से कम अगले दो सप्ताह तक संभव नहीं होगा। इन इलाकों में बारिश गुरुवार दोपहर को ही बंद हुई है।

कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में प्याज खेत से बाहर आनी शुरू हो गई थी, लेकिन फेलिन के चलते खेती बाढ़ की चपेट में आ गई है। लिहाजा यहां की मंडियों में प्याज की आपूर्ति ठप है। इससे दक्षिणी क्षेत्र में प्याज के भाव लगातार चढ़ रहे हैं। अभी इन मंडियों में प्याज के पुराने स्टॉक से काम चल रहा है। जिन इलाकों में बाढ़ का पानी निकल भी गया है, वहां से भी अगले दो हफ्ते बाद तक प्याज की खेत से निकासी शुरू होना मुश्किल है।

इसका सीधा असर उत्तर देश की सब्जी मंडियों में दिखने लगा है। पिछले दिनों उत्पादक मंडियों और आयातित प्याज की आपूर्ति बढ़ने से उत्तरी क्षेत्र में कीमतें तेजी से घटनी शुरू हुई थीं। माना जा रहा था कि अगले एक पखवाड़े में प्याज का मूल्य सतह पर आ जाएगा। लेकिन चक्रवाती तूफान ने सभी अनुमानों पर पानी फेर दिया है। प्याज के दाम नीचे आने के अनुमान से ही आयातकों ने हाथ पीछे खींच लिया था। अब प्याज की आपूर्ति सुधरने में कम से कम दो सप्ताह का समय लग सकता है। तब तक लोगों को महंगे प्याज के भरोसे ही रहना होगा। दिल्ली और आसपास की मंडियों में प्याज 50 से 60 रुपये प्रति किलो बिक रहा है।

NCR Khabar News Desk

एनसीआर खबर.कॉम दिल्ली एनसीआर का प्रतिष्ठित और नं.1 हिंदी समाचार वेब साइट है। एनसीआर खबर.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय,सुझाव और ख़बरें हमें mynews@ncrkhabar.com पर भेज सकते हैं या 09654531723 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं

Related Articles

Back to top button