जेल पहुंचे संजय दत्त, यहीं मनाएंगे दीपावली
मुंबई। अभिनेता संजय दत्त छुट्टी की अवधि समाप्त होने पर बुधवार सुबह पुणे की यरवदा जेल लौट गए। यहां वह 1993 मुंबई बम धमाकों के संबंध में अपनी बची हुई सजा को पूरा करेंगे।
गत एक अक्टूबर को पुणे की यरवदा जेल से दत्त को स्वास्थ्य कारणों से फरलो नियम के तहत 14 दिन की छुट्टी दी गई थी। बाद में दत्त के आग्रह पर जेल अधिकारियों ने इसे 14 दिन के लिए और बढ़ा दिया था जिसकी अवधि 29 अक्टूबर को खत्म हो गई। कि फरलो के तहत कैदी को अधिकतम 14 दिन की छुट्टी दी जाती है। इसे देने का अधिकार जेल अधिकारियों को होता है।
बताया जा रहा है कि छुट्टी के दौरान 53 वर्षीय अभिनेता ने अपने पैरों में किसी बीमारी के कारण रक्त का थक्का जमने का इलाज कराया। मुंबई के उपनगर बांद्रा स्थित अपने घर से पत्नी मान्यता के साथ वह बुधवार सुबह साढ़े छह बजे पुणे के लिए निकले। दत्त ने अपने पैरों में अभी भी दर्द होने का जिक्र करते हुए अपने प्रशंसकों से अपनी जल्द रिहाई की कामना करने की अपील की। साथ ही उन्होंने छुट्टी के दौरान उनके निजता बरकरार रखने के आग्रह को मीडिया द्वारा सम्मान दिए जाने के लिए धन्यवाद भी किया।
अभिनेता को इस वर्ष मई में जेल भेजा गया था। उन्हें 1993 के मुंबई बम धमाके मामले में अवैध रूप से हथियार रखने का दोषी पाया गया था। उन्हें पांच साल जेल की सजा सुनाई गई थी। दत्त ट्रायल के दौरान डेढ़ साल की सजा भुगत चुके हैं। अब वह बची साढ़े तीन साल की सजा काट रहे हैं। उन्हें 22 मई को मुंबई की आर्थर रोड जेल से पुणे की यरवदा जेल में स्थानांतरित किया गया था।