शाहरुख का बंगला मन्नत मुंबई की ट्रैफिक पुलिस के लिए समस्या बन गया है।
सुपरस्टारों की जितनी चर्चा होती है उतनी ही चर्चा उनके बंगलों की भी होती है। राजेश खन्ना, अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान के बंगलों के नाम लोगों के बीच लोकप्रिय रहे हैं।
लेकिन यह बंगले कानून व्यवस्था और ट्रैफिक पुलिस के लिए सरदर्द बन जाएंगे इस बात का इल्म भी इन कलाकारों को नहीं रहा होगा।
अभी चर्चा शाहरुख के बंगले मन्नत को लेकर है। शाहरुख खान के इस बंगले की वजह से मुंबई का ट्रैफिक कई बार गड़बड़ा जाता है। खबरों के अनुसार वह सड़क जिस पर शाहरुख का बंगला है वह कई बार जाम का शिकार हो जाती है।
ऐसा आमतौर पर सप्ताह के आखिरी दिनों में होता है। देश के अलग-अलग शहरों से मुंबई घूमने आने वाले लोगों में से बड़ी संख्या उन लोगों की भी होती है जो शाहरूख या अमिताभ बच्चन का घर देखना चाहते हैं।
‘चेन्नई एक्सप्रेस’ के सुपरहिट होने के बाद ऐसे प्रशंसकों में काफी तेजी आई है जो शाहरुख को अपनी आंखो से देखना चाहते हैं। लोगों की यही चाहत मुंबई ट्रैफिक पुलिस के लिए समस्या बन गई है।