अहमदाबाद [शत्रुघ्न शर्मा]। गुजरात भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा ने मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन का तोहफा देने की तैयारी कर ली है। इसके तहत पार्टी से एक लाख मुस्लिम युवाओं को जोड़ा जाएगा। पहली बार अल्पसंख्यक मोर्चा अलग मीडिया, महिला व युवा सेल भी बनाएगा।
अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष सूफी संत महबूब अली ने बताया कि अल्पसंख्यक मोर्चा का सदस्यता अभियान प्रदेशभर में चल रहा है, आगामी 17 सितंबर तक एक लाख मुस्लिम युवको को भाजपा का सदस्य बनाकर नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की अनूठी भेंट दी जाएगी।
महबूब अली बताते हैं कि अल्पसंख्यक मोर्चा में पहली बार महिला सेल, मीडिया सेल व युवा सेल अलग-अलग बनाया जा रहा है। अल्पसंख्यक मोर्चा के गुजरात में हजारों सदस्य हैं और इस अभियान के तहत एक लाख नए सदस्य जोड़े जाएंगे। आगामी 17 सितंबर को नवसारी में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से मोदी को जन्मदिन की बधाई देने के लिए सम्मेलन का आयोजन किया गया है।