यूपी के सीतापुर जिले की सेवता विधानसभा सीट से 55 साल के सपा विधायक महेंद्र सिंह उर्फ झीन बाबू को मंगलवार तड़के तीन बजे पणजी के होटल विवा-गोवा से कॉलगर्ल्स के साथ गिरफ्तार किया गया।
विधायक के साथ पांच अन्य लोगों को भी दबोचा गया है। इनमें से एक सीतापुर का अजय प्रताप सिंह और दूसरा लखनऊ का धर्मेंद्र प्रसाद है।
होटल से छह लड़कियों को भी मुक्त कराया गया है। इनमें से चार दिल्ली और दो मुंबई की हैं। रैकेट का मास्टरमाइंड फरार हो गया।
अदालत ने सभी गिरफ्तार लोगों को छह दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जबकि मुक्त कराई गई लड़कियों को सरकारी संरक्षण गृह में भेजा गया है।
पुलिस इंस्पेक्टर राजेंद्र प्रभुदेसाई ने बताया कि होटल से तेज म्यूजिक की शिकायत पर छापा मारा गया था। इस दौरान गिरफ्तार आरोपियों को युवतियों के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पाया गया। विधायक ने कुबूला कि वे पहले भी साथियों के साथ गोवा आते रहे हैं।
विधायक ने बताया कि वे होटल पहुंचने से पहले एक कैसिनो में भी गए थे। महेंद्र उत्तरी गोवा के एक टापू पर बने होटल में ठहरे थे, लेकिन मौज-मस्ती के लिए विवा-गोवा आए थे।
प्रभुदेसाई ने बताया कि विधायक ने गिरफ्तारी से पहले पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश की लेकिन उनकी एक न चली। महेंद्र सिंह 1996 से विधायक हैं।