बिहार: मिड-डे मील खाने से 11 बच्चों की मौत, 60 गंभीर
बिहार में छपरा जिले के एक सरकारी स्कूल में मिड-डे मील का भोजन करने से 11 बच्चों की मौत हो गई है। जबकि 60 से ज्यादा बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अस्पताल में भर्ती करीब 10 बच्चों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। सभी बच्चे 8 से 12 साल की उम्र के हैं।
मंगलवार को नवसृजित विद्यालय में मिड-डे मील में मिली खिचड़ी खाने के बाद अचानक बच्चे बीमार पड़ने लगे। सूचना मिलते ही प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दौरान 11 बच्चों की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
घटना पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरा दुख प्रकट किया है। मुख्यमंत्री ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। राज्य सरकार की ओर से मृतक बच्चों के परिवार को 2-2 लाख रुपए के मुआवजे की घोषणा की गई है।
वहीं, घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी का दौर भी शुरू हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने नीतीश सरकार पर निशाना साधा है। भाजपा नेता गिरीराज सिंह ने नीतीश को जिम्मेदार ठहराते हुए उनसे इस्तीफे की मांग की है।
राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने घटना को राज्य सरकारी की नाकामी बताया है। लालू ने दोषियों पर तुरंत कार्रवाई की मांग की है। राष्ट्रीय जनता दल ने बुधवार को छपरा बंद का ऐलान किया है।
लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष रामविलास पासवान ने घटना के लिए सीधे तौर पर मुख्यमंत्री को जिम्मेदार ठहराया है। पासवान ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार में इस कदर डूबी हुई है कि बच्चों के लिए सही खाना भी उपलब्ध नहीं करा पा रही।