एनसीआर

रिश्तेदारों के बीच मामूली विवाद में गोली मार हत्या

17_05_2013-16DEL205नई दिल्ली : दो रिश्तेदारों के बीच हुए मामूली विवाद में एक की गोली मार हत्या कर दी गई। घटना बुधवार देर रात पुश्ता रोड पर ललिता पार्क इलाके की है।

जानकारी के अनुसार मेट्रो में चौकीदार राजीव (28) पत्नी व दो बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ डी ब्लॉक लक्ष्मीनगर में रहता था। उनके दूर का रिश्तेदार थान सिंह परिवार के साथ साउथ गणेश नगर में रहता है। वह एक ज्वेलर का निजी पीएसओ है। गत 12 मई को नोएडा सेक्टर 55 में एक शादी समारोह में थान सिंह के पक्ष के लोगों ने राजीव के पिता राम प्रकाश की पिटाई कर उनका मोबाइल छीन लिया। इससे राजीव पक्ष के लोग बदला लेने की फिराक में थे। बुधवार रात दोनों परिवार एक रिश्तेदार के टीका समारोह में खजूरी खास गए थे। देर रात थान सिंह अपने बेटे राजकुमार, मोहित व धीरज और उसकी पत्नी वंशिका के साथ स्विफ्ट डिजायर कार से घर लौट रहा था। इसी बीच राजीव पक्ष के लोगों ने लाल रंग की दो स्विफ्ट कार से उनका पीछा किया। कार में राजीव, संदीप, सीताराम, राजू, जगराम और अजय थे। ललिता पार्क बस स्टॉप के पास राजीव के लोगों ने थान सिंह की कार को घेर लिया। वे राजकुमार और मोहित को कार से खींचकर पिटाई करने लगे। इसी बीच थान सिंह ने लाइसेंसी रिवाल्वर से ताबड़तोड़ पांच राउंड फायरिंग की। गोली लगने से राजीव घायल हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस राजीव, राजकुमार और मोहित को वालिया नर्सिग होम लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने राजीव को मृत घोषित कर दिया। राजीव के पेट व बायीं जांघ में गोली लगी थी। पुलिस ने थान सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। वहीं राजीव के पक्ष के लोगों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में भी लिया है। इस घटना में दोनों पक्ष के लोगों को चोटें आई हैं तथा उनकी कारें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं।

NCR Khabar News Desk

एनसीआर खबर.कॉम दिल्ली एनसीआर का प्रतिष्ठित और नं.1 हिंदी समाचार वेब साइट है। एनसीआर खबर.कॉम में हम आपकी राय और सुझावों की कद्र करते हैं। आप अपनी राय,सुझाव और ख़बरें हमें mynews@ncrkhabar.com पर भेज सकते हैं या 09654531723 पर संपर्क कर सकते हैं। आप हमें हमारे फेसबुक पेज पर भी फॉलो कर सकते हैं

Related Articles

Back to top button