पिता ने कर दिया बेटी की अस्मत का सौदा

देश की राजधानी दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा की चिंता जिस तरह से बढ़ी है, वैसे ही विश्वास की डोर भी कमजोर हुई है। एक पिता ने अपनी बेटी को ढाई लाख में एक दलाल के हाथों बेच दिया। वहीं अन्य इलाकों में रेप के तीन मामले प्रकाश में आए हैं।

पुलिस के मुताबिक पीड़ित किशोरी खजूरी खास इलाके में परिवार के साथ रहती है। उसका पिता अवैध शराब बेचता है। किशोरी ने आरोप लगाया कि 20 जनवरी को उसके पिता ने ढाई लाख लाख रुपये में सतपाल को उसे देह-व्यापार के लिए बेच दिया था।

उसे द्वारका मोड़ पर सतपाल के हवाले कर किया गया। सतपाल वहां से पीड़िता को नोएडा ले गया और रात को उसने दुष्कर्म किया। सुबह किसी तरह पीड़िता भागकर अपने घर आ गई।

लोक-लाज के डर से मां ने पहले मामले की शिकायत नहीं की। पिता ने दुबारा जब मासूम को बेचने का प्रयास किया तो पीड़िता और उसकी मां ने पुलिस से शिकायत कर दी।

मामला दर्ज कर पुलिस आरोपी पिता और उसके जानकार सतपाल की तलाश कर रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।

महरौली इलाके में मकान दिखाने के बहाने एक प्रॉपर्टी डीलर ने महिला से दुष्कर्म किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घिटोरनी निवासी हरीश (26) पेशे से प्रॉपर्टी डीलर है और उसका दफ्तर भी घिटोरनी में ही है। इलाके की एक महिला को किराए पर मकान लेना था।

हरीश उसको रविवार को महरौली के वार्ड आठ में एक बंद पड़े मकान को दिखाने ले गया। महिला का आरोप है कि हरीश ने मकान में उससे दुष्कर्म किया। मेडिकल जांच के लिए महिला को एम्स में ले जाया गया, जहां दुष्कर्म की पुष्टि हो गई।

महरौली थाना पुलिस ने हरीश को रविवार की रात ही गिरफ्तार कर लिया था। सोमवार को उसको कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पहला मामला ओखला इलाके का है, जहां सौरभ भाटिया (20) नामक युवक पर रेप का आरोप लगा है। सौरभ राजा गार्डन में रहता है। वह प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है। उसकी फोन पर एक 17 साल की युवती से दोस्ती हुई। दोस्ती मिस्ड काल से शुरू हुई थी जो बाद में प्यार बदल गई।

सौरभ शादी झांसा देकर बहाने से उसे अपने साथ फरीदाबाद ले गया। युवती का आरोप है कि सौरभ ने फरीदाबाद में उससे दुष्कर्म किया। मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि होने पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

दूसरा मामला वसंतकुंज इलाके का है। एक युवती ने नरेन्द्र नाम के शख्स पर 2009 से रेप करने का आरोप लगाया है। युवती का आरोप है कि धीरज नाम शख्स उसे बेहोश करके अपने साथ कोलकाता ले गया। वहां उससे कई बंधक बनाकर दुष्कर्म करता रहा।

युवती ने किसी तरह बचकर दिल्ली आई और वसंतकुंज थाने में शिकायत की है। पुलिस ने अपहरण और दुष्कर्म का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच कर रही है।

वजीरपुर इलाके में एक किशोरी की शादी करवाने की बात कहकर पड़ोस में रहने वाले युवक ने उसे 80 हजार रुपये में बेच दिया। मामले का खुलासा न हो, इसलिए किशोरी की शादी भी करवा दी।

कुछ दिन बाद परिजनों को इस बात की भनक लगी। उन्होंने तुरंत इसकी शिकायत थाने में की। पुलिस ने मामले में शामिल दो महिलाओं समेत आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।