कर्नाटक में मतदान खत्म, 65 फीसदी वोट पड़े

voting-51863c06cde92_lकर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए हुए मतदान में अनुमानित तौर 65 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले।

राज्य की 14वीं विधानसभा के लिए हुआ मतदान 6 बजे समाप्त हुआ।

मतदान का समय सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक था, लेकिन राज्य में पड़ रही तेज गर्मी को देखते हुए चुनाव आयोग ने मतदान का समय एक घंटा बढ़ाकर शाम छह बजे कर दिया था।

राज्य में 224 विधानसभा सीटें हैं लेकिन मतदान 223 सीटों के लिए ही हुआ।

पिरियापटना सीट से भाजपा प्रत्याशी का निधन होने से वहां अब 28 मई को मतदान होगा।

कुछ अप्रिय घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण रहा।

पूरे राज्य में एक ही चरण में मतदान हुआ है। इन चुनावों में 2439 उम्मीदवारों ने अपना भाग्य आजमाया है।

राज्य में चार करोड़ 36 लाख एक हजार मतदाता हैं, जिनमें से 65 से 70 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना आठ मई को होगी।

कांग्रेस ने 223 सीटों और सत्तारूढ़ दल भाजपा ने 222 सीटों पर अपने प्रत्याशी खडे़ किए थे।

इस चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के विरोध के बीच भाजपा पर सत्ता में बने रहने का दबाव है। तो वहीं कांग्रेस आठ साल बाद सत्ता में वापसी का सपना देख रही है।

मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ भाजपा, मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस और पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा की पार्टी जद (एस) के बीच है। लेकिन येदियुरप्पा की कर्नाटक जनता पार्टी ने सभी दलों की मुश्किल बढ़ा दी है।